बहराइच। धनतेरस की भीड़ को लेकर बनाया गया ट्रैफिक प्लान मंगलवार को फेल हो गया। दोपहर से लेकर देर शाम तक वाहन रेंगते रहे। कुछ स्थानों को छोड़कर ट्रैफिक सिपाही भी लापरवाह रहे। आलम यह रहा है कि शहरवासी दिनभर जाम से जूझते रहे।
पंचोत्सव के पहले दिन ही उमड़ी भीड़ ने ट्रैफिक की चाल बिगाड़ दी। धनतेरस पर खरीदारी के लिए लोग सुबह से ही घरों से निकल पड़े। दोपहर तक शहर का पीपल चौराहा, घंटाघर बाजार, छावनी चौराहा, अग्रसेन चौक, डिगिहा तिराहा व पानी टंकी चौराहा जाम से जूझता रहा। दिनभर शहरवासी जाम के झाम में फंसे रहे। डिगिहा तिराहे से लेकर अस्पताल चौराहे तक भी दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। डीएम चौराहे से लेकर पीपल चौराहे तक वाहनों की कतार लगी रही।
यह स्थिति तब रही जब किसी बड़े वाहन या बाइक सवार को मुख्य बाजार के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। त्योहार पर लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। यातायात प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि जाम से निपटने के लिए हर चौराहे पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। प्रयास रहा कि कहीं भी जाम की स्थिति पैदा न हो।