उर्रा (बहराइच)। पड़रिया गांव निवासी युवक की शुक्रवार को बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव के आसपास बाढ़ का पानी भरा हुआ है। गांव निवासी 28 वर्षीय राजू निषाद पुत्र फूलचंद्र शुक्रवार को घर जा रहे थे। रास्ते में अधिक पानी के होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह डूब गए। जब तक आसपास के लोग गोताखोरों को बुलाते तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष बृजानंद सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उपजिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा।