बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट के जंगलों में सैर सपाटा करने के लिए आने वाले पर्यटकों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। एक नवंबर को खुलने वाला कतर्निया अब 15 नवंबर को खुलेगा। बेमौसम बारिश ने सड़कों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। पर्यटकों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए तैयारियां जोरों पर चल रही है। पर्यटकों ने कतर्निया में सैर-सपाटा करने के लिए बुकिंग भी शुरू करा दी है।
कतर्नियाघाट सेंचुरी 551 वर्ग किलोमीटर में फैला है। सेंचुरी क्षेत्र कतर्नियाघाट, निशानगाड़ा, मूर्तिहा, मोतीपुर, ककरहा, मोतीपुर और सुजौली रेंज में बंटा हुआ है। संरक्षित वन क्षेत्र में बाघ, तेंदुआ, हिरण, हाथी, बारहसिंघा के अलावा अन्य वन्यजीव विचरण करते हैं। बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। 15 नवंबर को कतर्निया खुल जाएगा।
कतर्नियाघाट जंगल में घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों ने बुकिंग करा ली थी। एक, पांच, छह व बारह नवंबर की बुकिंग हो चुकी थी, लेकिन बरसात के कारण अभी जंगल नहीं खुलेगा। ऐसे में बुकिंग आगे बढ़ाने व पैसा वापस करने पर विचार किया जा रहा है।
- आरएन सिंह, डीएलएम
बारिश और बाढ़ के चलते कतर्नियाघाट जंगल के मार्ग खराब हुए हैं। कई जगह जलभराव भी अधिक है। ऐसे में वन विभाग की टीम रास्तों की साफ-सफाई व मरम्मत में जुटी हुई है। इसमें समय भी लग सकता है इसलिए पर्यटन सत्र की शुरुआत की तारीख एक नवंबर से बढ़ाकर 15 नवंबर कर दी गई है।
- आकाशदीप बधावन, डीएफओ, कतर्नियाघाट