बहराइच। शहर के हीरा सिंह मार्केट के पास पुरानी रंजिश को लेकर मेडिकल स्टोर में युवक घुस गया और कट्टे से फायर झोंक दिया। व्यापारी पर हुए हमले से नाराज व्यापारियों ने युवक की पिटाई कर दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुरा मोहल्ला निवासी शैलेंद्र वर्मा का हीरा सिंह मार्केट के पास मेडिकल स्टोर है।
बताया जाता है कि बुधवार दोपहर लगभग तीन बजे एक युवक दुकान में आया और कहासुनी के बाद फायर झोंक दिया जिससे शैलेंद्र वर्मा को नाक पर चोट लग गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। गोली की आवाज सुन आसपास के लोग एकत्र हो गए और युवक की पिटाई कर दी जिससे वह भी घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। नगर कोतवाल प्रभारी श्रीप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।