बौंडी (बहराइच)। कौड़हा ठाकुराइनपुरवा गांव में मासूम बच्चे की गला रेतकर हत्या का प्रयास किया गया, हाथ की नस भी काटी गई है। हमलावर मक्के के खेत में बच्चे को फेंककर फरार हो गए। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण एकत्र हुए। आनन फानन में घायल मासूम को इलाज के लिए जिला अस्पताल बहराइच पहुंचाया गया जहां पर मासूम की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना पर एएसपी, सीओ व दो थानों की फोर्स मौके पर पहुंची।
बौंडी थाना क्षेत्र के कौड़हा ठाकुराइन पुरवा गांव निवासी सात वर्षीय आसिफ अली घर से पैसा लेकर बिस्कुट लेने की बात कहकर निकला था। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने बालक पर जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बालक की हत्या करने की नीयत से गला रेत दिया और हाथों की नस भी काट दी। मासूम के चीखने चिल्लाने पर हमलावरों ने मक्के के खेत में फेंककर फरार हो गए। मक्के के खेत में आसिफ को खून से लथपथ पड़ा देख लोग हतप्रभ रह गए। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने मासूम की हालत चिंताजनक बताई है। घटना की सूचना पर एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार, महसी सीओ जय प्रकाश त्रिपाठी व बौंडी थानाध्यक्ष मनोज कुमार राय और हरदी थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। महसी सीओ ने बताया कि बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होगा।