नवाबगंज (बहराइच)। नवाबगंज थाना क्षेत्र में बीते सात सितंबर को तीन बच्चों के साथ गायब हुई मां को लेकर काफी संशय पैदा हो गया था। पुलिस व परिवार इसे फखरपुर कांड से जोड़कर देखने लगे थे। एएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम का गठन कर खुद नेतृत्व किया और तीन बच्चों के साथ उसकी मां को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। चारों को सकुशल देख संशय खत्म हुआ तो पुलिस के आलाधिकारियों ने राहत की सांस ली।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला अपने तीन बच्चों के साथ बीते सात सितंबर से गायब थी। थाने में गुमशुदगी भी दर्ज थी। इसी दौरान फखरपुर थाना क्षेत्र के गजाधरपुर व माधौपुर गांव में तीन मासूम समेत महिला का शव मिला जिनका गला रेतकर हत्या की गई थी और शव खेत में फेंक दिए गए थे। फखरपुर कांड के बाद पुलिस व परिजनों को आशंका हुई कि कहीं नवाबगंज की घटना के तार फखरपुर से तो नहीं जुड़े हैं। इस पर एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार ने नवाबगंज थाने से टीम का गठन किया और कमान खुद संभाली। एएसपी के निर्देश पर टीम ने महिला व तीन बच्चों को उसके पूर्व पति के घर से ढूंढ निकाला। एएसपी ग्रामीण ने बताया कि नियमानुसार परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।