बहराइच। कुंडासर गांव में हाईवे के निकट लगे बिजली के खंभे को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे बिजली का खंभा टूट गया है। उसी पोल के सहारे बिजली विभाग द्वारा आपूर्ति दी जा रही है। ऐसे में कभी भी तेज आंधी के चलते बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने विद्युत पोल बदले जाने की मांग की है।
कैसरगंज विकास खंड अंतर्गत कुंडासर में लखनऊ-बहराइच हाईवे के निकट एचटी लाइन का बिजली का खंभा स्थापित है। इस खंभे से कुंडासर गांव को बिजली आपूर्ति दी जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पूर्व अज्ञात वाहन ने खंभे में टक्कर मार दी। जिससे बिजली का खंभा टूट गया। इसकी सूचना लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को दी। लेकिन सूचना के बाद भी टूटे बिजली के खंभे को दुरुस्त नहीं किया गया है। ऐसे में बिजली विभाग की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज आंधी चलने पर बिजली का खंभा गिरने से लोग करंट की चपेट में आ सकते हैं। क्योंकि टूटे बिजली के खंभे से ही क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति की जा रही है।