बहराइच। जन्म देने के बाद अपनों ने पराया कर दिया। मानवता की सारी हदें पार करते हुए जंगल में नवजात शिशु को मरने के लिए छोड़ दिया गया। जंगल में लवारिस बच्ची के मिलने की सूचना पर उसे सहारा देने के लिए महिला आरक्षी पहुंच गई। बच्ची को आनन-फानन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, लेकिन बच्ची की हालत गंभीर होने पर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। महिला आरक्षी ने एंबुलेंस की मदद से बच्ची को पहुंचाकर भर्ती कराया। अब बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस विभाग ने बच्ची की अच्छी परवरिश के लिए सीडब्ल्यूसी को सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि लोकलाज के भय या बेटी पैदा होने के कारण उसे जंगल में फेंक दिया गय। मोतीपुर थाना क्षेत्र के नैनिहा जंगल में बुधवार की देर शाम बच्ची के रोने की आवाज गूंजी।
जंगल से गुजर रहे लोगों ने थोड़ी दूर पर स्थित आवासीय कॉलोनी में सूचना दिया। कॉलोनी के लोगों ने बीट महिला सिपाही स्वाति को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिना देर किए कॉलोनी की महिलाओं का सहयोग लेते हुए महिला आरक्षी जंगल पहुंची और रो रही नवजात बच्ची को गोद में उठाकर शांत कराया। महिला सिपाही तत्काल नवजात शिशु को इलाज कराने के लिए मोतीपुर सीएचसी लेकर पहुंची, लेकिन बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंचे मोतीपुर थानाध्यक्ष आरपी यादव ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से बच्ची को महिला सिपाही के साथ मेडिकल कॉलेज भेजा। बच्ची को पीआईसीयू में भर्ती कराया गया है। अब बच्ची के हालत में सुधार हो रहा है। बताया जा रहा है कि बेटी पैदा होने के कारण उसे जंगल में फेंक दिया गया। मिशन शक्ति के आगाज के साथ घटित हो रही ऐसी घटनाएं समाज पर कलंक की तरह हैं। महिला आरक्षी के इस कार्य को सुनकर चारों ओर लोग सराहना कर रहे हैं। एसपी ने भी महिला को नेक कार्य के लिए बधाई देकर हौसला बढ़ाया है। बता दें कि एसपी ने थानों में महिला सिपाहियों की पोस्टिंग कर उन्हें भी बीट निर्धारित कर काम करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। महिला आरक्षी बीट में पहुंचकर लोगों के बीच उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान कराना और उन्हें सशक्त बनाने का काम कर रही हैं। अब महिला आरक्षी को बीट में भेजने का फायदा दिख रहा है।
नैनिहा जंगल में नवजात शिशु के मिलने पर महिला आरक्षी द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नवजात शिशु की देखरेख करने के लिए चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सूचना दे दी गई है। बच्ची का इलाज अस्पताल में चल रहा है। ठीक होने के बाद नियमानुसार कमेटी को सौंपा जाएगा।
- सुजाता सिंह, एसपी बहराइच