बहराइच। देवीपाटन मंडल के एडी और जेडी जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और सीएमओ के साथ अलग-अलग बैठक की। सीएमओ को निर्देशित किया कि सभी सीएचसी और पीएचसी में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें जिससे ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को समस्याएं न हो। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के एसोसिएट व असिस्टेंट प्रोफेसरों द्वारा दी जा रही शिक्षा के बारे में जानकारी ली।
देवीपाटन मंडल के एडी स्वास्थ्य डॉ. आनंद ओझा और जेडी स्वास्थ्य डॉ. अनिल मिश्रा जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने प्राचार्य डॉ. अनिल के साहनी के कार्यालय में बैठक की। एडी ने महर्षि बालार्क मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला चिकित्सालय में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। साथ ही व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने की बात कही। प्राचार्य डॉ. अनिल के साहनी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट और एसोसिएट प्रोफेसर की तैनाती व एमबीबीएस छात्रों को दी जा रही शिक्षा के बारे में जानकारी ली।
मानव संसाधन के अधीन नेशनल मेडिकल कालेज (एनएमसी) की तैयारियों पर जायजा लिया। प्राचार्य ने कहा कि सरकार द्वारा अब सभी जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में परिवर्तित किया जाएगा। जिस पर भी कार्य चल रहा है। इसके बाद एडी और जेडी ने सीएमओ सभागार में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश कुमार सिंह के साथ बैठक की। सीएमओ से सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दवाओं की उपलब्धता, वैक्सीनेशन आदि की जानकारी ली। एडी ने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधाएं उपलब्ध रखें जिससे ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़े। इसके बाद महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. जयंत कुमार, हास्पिटल मैनेजर रिजवान समेत अन्य मौजूद रहे।