रिसिया (बहराइच)। रिसिया नगर और ग्रामीण क्षेत्र में हो रही भीषण बिजली कटौती से लोगों में त्राहि-त्राहि मची हुई है। रविवार सुबह पांच बजे से शुरू हुई कटौती का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। आलम यह है कि 40 घंटे से 20 हजार की आबादी बूंद-बूंद पानी को तरस रही है। लोग मोटर के द्वारा पानी टंकी भी नहीं भर पा रहे हैं। अघोषित बिजली कटौती से भाजपाई भी नाराज हैं। सभी ने ऊर्जा मंत्री से शिकायत की है।
रिसिया नगर और ग्रामीण क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। कस्बेवासियों के मुताबिक रविवार सुबह पांच बजे बिजली आपूर्ति बाधित की गई। इसके बाद पौने तीन बजे बिजली आई। पूरे दिन बिजली गायब रही। इसके रात आठ बजे आपूर्ति की गई। आधे घंटे बाद ही कटौती कर दी गई। अघोषित कटौती सोमवार को भी जारी रही। इससे नगर और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी हुई। सभी मोटर द्वारा पानी टंकी भी नहीं भर पा रहे हैं। वहीं बिजली कटौती से भीषण गर्मी में नगर और ग्रामीण क्षेत्र के लोग परेशान हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत वर्मा, व्यापार प्रकोष्ठ के महेश अग्रवाल व भाजपा मंडल महामंत्री सरोज शर्मा ने बताया कि 40 घंटे से इस तरह बिजली कटौती जा रही है। इससे परिवार के छोटे बच्चे काफी परेशान हो रहे हैं। लेकिन अवर अभियंता और एसडीओ अपनी मनमानी करते हैं। कहीं फोन नहीं लगता है तो कहीं फोन उठाते ही नहीं हैं। लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सभी ने ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा को पत्र लिखकर कर्मचारियों की शिथिलता और अघोषित कटौती को बंद किए जाने की मांग की है।
भाजपा पदाधिकारियों ने अवर अभियंता मोहम्मद अरशद और एसडीओ की कार्यशैली से नगरवासी नाराज हैं। सभी का कहना है कि बिजली कर्मी अपनी मनमानी चला रहे हैं। सभी ने उनके स्थानांतरण की भी मांग की है।