बहराइच। शासनादेश का अनुपालन न कराने का मामला सामने आने पर डीएम ने असलहा बाबू को निलंबित कर दिया। असलहा बाबू पर हुई कार्रवाई को लेकर कलेक्ट्रेट में हड़कंप मच गया। डीएम ने सभी कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिया है कि कार्यों में लापरवाही व धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्ट्रेट परिसर में असलहा बाबू का काम राहुल मिश्रा देख रहे थे। शासन की ओर से आए निर्देश का पालन कराने के लिए इनको निर्देशित किया गया था, लेकिन शासनादेश की फाइल मांगने पर असलहा बाबू फाइल देने में सफल नहीं हो सके। जिससे डीएम नाराज हो गए। डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि आवश्यक शासनादेश का फाइल होने के कारण इसका अनुपालन कराना जरूरी था, लेकिन असलहा बाबू ने शासनादेश के अनुपालन में लापरवाही बरती।
लापरवाही बरतने पर निलंबन की कार्रवाई की गई । वहीं असलहा बाबू ने कहा कि हमारे खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई है और न ही कार्रवाई होने की जानकारी है। (संवाद)