बड़ौत। सरकारी राशन विक्रेता पर कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को नगर की वार्ड संख्या आठ की महिलाओं व पुरुषों ने तहसील पहुंचकर हंगामा-प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की।
नगर के वार्ड नंबर आठ के कार्डधारकों का आरोप है कि राशन डीलर छह माह से राशन वितरण नहीं कर रहा है। इसकी शिकायत आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से भी की परंतु कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आरोप लगाया कि जहां प्रशासनिक अधिकारी व आपूर्ति विभाग के अधिकारी शत-प्रतिशत खाद्यान्न कराने का दावा कर रहे हैं, लेकिन धरातल पर मात्र राशन डीलरों द्वारा खानापूर्ति की जा रही है। उन्होंने राशन डीलर पर राशन वितरण न करने, कालाबाजारी का आरोप लगाया। उन्होंने जांचकर कार्रवाई की मांग की। उधर, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आलोक ने मामले की जांच करके कार्रवाई करने की बात कही। इस संबंध में वार्ड सभासद मेहरबान मलिक ने भी डीलर द्वारा राशन न देने की बात कही। बताया कि लगातार शिकायतों के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है।