संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। विधानसभा चुनाव 10 फरवरी को है। इसलिए मतदान के लिए अपने घरों से अवश्य निकले और निर्भीक, निडर होकर निष्पक्ष मतदान करें। क्योंकि एक-एक मत से लोकतंत्र मजबूत होता है और राष्ट्र का निर्माण होता है। खिलाड़ियों का कहना है कि प्रत्येक व्यक्ति को मतदान करके अपनी पसंद का जनप्रतिनिधि चुनने का मौका मिलता है। ऐसे में मतदान जरूर करें।
अच्छा प्रतिनिधि चुनने के लिए जरूर करें मतदान
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी नितिन तोमर का कहना है कि मतदान करना सबका अधिकार है, सभी को इस अधिकार का प्रयोग करना चाहिए। मतदान का प्रयोग कर लोग अच्छा प्रतिनिधि चुनते हैं। कहा कि बेहतर सरकार चुनने के लिए मतदान का प्रयोग करना अत्यंत आवश्यक है। कहा कि स्वयं भी मतदान करें व दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
मतदाता का वोट बहुत ही अमूल्य
ट्राईथलॉन गेम्स के खिलाड़ी अनंत राणा ने कहा कि मतदाता का वोट बहुत ही अमूल्य है। राष्ट्र व प्रदेश की प्रगति में बड़ा सहायक भी होता है, इसलिए निष्पक्ष रुप से बिना किसी बहकावे में आकर अपनी अंतरात्मा से मतदान करना चाहिए।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान एक हथियार
अंतरराष्ट्रीय शूटर अन्नू तोमर का कहना है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान करना एक अहम हथियार है। पांच वर्ष बाद वोटरों को अपनी पसंद का जनप्रतिनिधि चुनने का मौका मिलता है। लिहाजा सभी को मतदान अवश्य करना चाहिए। कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ने के भविष्य में अच्छे परिणाम सामने आएंगे। सभी जागरूक वोटरों को अपने परिवार और मोहल्ले में भी मतदान के लिए जागरूकता का माहौल पैदा करना चाहिए।
मतदान करने अवश्य जाए महिलाएं
अंतरराष्ट्रीय पहलवान अंशु तोमर का कहना है कि महिलाएं मतदान करने अवश्य जाएं। यदि आप मतदान नहीं करोगी तो ईमानदार व विकासशील प्रतिनिधि कैसे चुनोगी। इसलिए 10 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में मतदान स्थल पर पहुंचकर मतदान करें और अन्य लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें।