तोगाना रठौड़ा नहर पर मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुआ बदमाश छोटू उर्फ सरल
- फोटो : BAGHPAT
ग्राम कूड़ी निवासी प्रदीप की छपरौली सब्जी लेने जाते समय रास्ते में गोली मारकर कर दी थी हत्या
भाई ने गांव की एक महिला व उसके पति के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा, दंपती शामिल नहीं मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली (बागपत)। कूड़ी गांव निवासी सब्जी विक्रेता की हत्या लूट का विरोध करने पर की थी। उसकी हत्या में शामिल आरोपियों को पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर किया है। जिनमें से दो के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनसे सब्जी विक्रेता का लूटा हुआ पर्स बरामद किया है।
कूड़ी गांव निवासी सब्जी विक्रेता प्रदीप बीती 14 सितंबर की सुबह सब्जी लेने छपरौली जा रहा था। इसी दौरान उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव सडक़ किनारे पड़ा मिला था। उसके भाई संजीव ने गांव की एक महिला से उसके अनैतिक संबंध होने का दावा करते हुए उसके तथा पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। छपरौली थाना प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार विवेचना में दंपती के हत्या में शामिल होने के सुबूत नहीं मिले।
इसमें पुलिस ने शनिवार को कूड़ी निवासी मांडू उर्फ देव पांचाल उर्फ बाबा को गिरफ्तार किया था। उसने बताया कि प्रदीप की हत्या में ग्राम रठौड़ा निवासी छोटू उर्फ सरल व बावली पट्टी खोब्बा निवासी ललित उर्फ लव भी शामिल थे। छपरौली पुलिस व एसओजी इनकी तलाश कर रही थी। पुलिस को रविवार दोपहर में जानकारी मिली कि तुगाना नहर पटरी स्थित रठौड़ा पुलिया के समीप दो बदमाश हैं। वहां टीम पहुंची तो उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों पैर में गोली लगने से घायल होे गए तथा पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। उनसे दो तमंचे, कारतूस, पर्स व दो हजार रुपये बरामद किए।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि कूड़ी निवासी मांडू को पता था कि प्रदीप सब्जी लेने जाता है तो उसने छोटू व ललित के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। इसलिए घटना की रात दोनों को उसने अपने घर बुलाया था। ये तीनों सुबह में लूट करने पहुंच गए। इन्होंने प्रदीप से पर्स छीन लिया, जिसमें छह हजार रुपये थे। इसके बाद बाइक की चाबी छीनने लगे। प्रदीप ने विरोध किया तो उसकी पीठ में गोली मार दी थी। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।