जूमऐप से अधिकारियों की उपस्थिति लेते चेक करते डीएम राजकमल यादव
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। जिलाधिकारी राजकमल यादव ने बुधवार को कलक्ट्रेट कार्यालय से जूम एप के माध्यम से जिला, तहसील व विकास खंड स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति ली। इस दौरान ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता बड़ौत प्रथम व द्वितीय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेकड़ा के अधीक्षक डॉ. ताहिर अनुपस्थित मिले। डीएम ने अनुपस्थित मिले तीनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी राजकमल यादव ने कहा कि जिले में प्रतिदिन अधिकारियों की उपस्थिति जूम एप के माध्यम से ली जाएगी तथा कार्यालयों के आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा। बिना बताए बिना सूचना दिए कार्यालय से लापता रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सुबह दस से 12 बजे तक कार्यालय में उपस्थित होकर लोगों की समस्या सुनकर उनका समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को लंच के नाम पर समय बर्बाद न करने तथा 30 मिनट का लंच करने की हिदायत दी। इसके बाद कार्यालय या फील्ड में पहुंचकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश का पालन न करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।