बागपत। अग्रवाल मंडी टटीरी से कार में लिफ्ट देकर महिला संग सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में ग्राम प्रधान के भाई सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस अभी जांच कर रही है।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने बृहस्पतिवार को पुलिस को बताया था कि वह 23 जुलाई को सामान लेने के लिए अग्रवाल मंडी टटीरी में गई थी। घर जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़ी थी। वहां कार तीन लोग आए और उसको गांव में छोड़ने की बात कहकर कार में बैठा लिया। आरोप है कि रास्ते में उसको कोल्डड्रिंक पिला दी गई, जिससे वह कुछ देर बाद ही बेहोश हो गई। उसे कई घंटे बाद होश आया तो वह एक कमरे में बंद थी। तीनों लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। एक युवक ने उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म भी किया। इनमें से एक आरोपी को वह जानती है। आरोपियों ने किसी को इस बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इस कारण ही उसने पहले इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। अब उसने कार्रवाई की मांग की थी। थाना प्रभारी देवेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में ग्राम प्रधान के भाई व दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में जांच चल रही है और उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।