लोनी में बेटी का इलाज कराने गई थी महिला
रास्ते में लगे जाम में फंसने के कारण हो गई देर
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बेटी का इलाज कराने लोनी गई महिला को रास्ते में लगे जाम के कारण घर पहुंचने में देर हो गई। इससे नाराज पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मूल रूप से गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र निवासी महिला रविवार को कोतवाली पहुंची। तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी 13 साल पहले बागपत के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के युवक से हुआ था। उनके पांच बच्चे है। उसकी सात माह की बेटी की तबियत लगातार खराब रहती है। बेटी के इलाज के लिए वह लोनी गई थी। लौटते वक्त रास्ते में जाम में फंस गई। इस कारण घर लौटने में देरी हो गई। आरोप है कि इस पर पति ने दो नवंबर की शाम पांच बजे उनसे गाली-गलौज व मारपीट कर तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। धमकी दी कि यदि घर लौटी तो जान से मार दिया जाएगा। उसने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।