दो स्कूलों से मिड-डे मील का सभी सामान, इन्वर्टर, बैटरी आदि चोरी कर ले गए
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। चोरों ने गौरीपुर जवाहरनगर के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय से शनिवार रात हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरी के बारे में रविवार सुबह पता चलने पर पुलिस को जानकारी दी। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।
गौरीपुर जवाहरनगर की प्रधान आरती के अनुसार चोरों ने शनिवार रात प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़क़र साउंड सिस्टम, सिलिंडर, इन्वर्टर, दो बैटरी व अन्य सामान चोरी कर लिया। वहीं, इससे कुछ दूर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की दीवार तोड़क़र मिड-डे मील के सभी बर्तन, गैस चूल्हा, दो सिलिंडर आदि चोरी कर लिये। चोरों ने दोनों स्कूलों की सेफ व संदूक भी पूरी तरह से तोड़ दिए। चोरी के बारे में रविवार सुबह को उस वक्त पता चला, जब ग्रामीणों ने खेत में जाते हुए एक स्कूल का ताला टूटा देखा। इसकी जानकारी ग्राम प्रधान को दी गई। इसके पश्चात पुलिस को सूचना दी। ग्राम प्रधान आरती ने बताया कि स्कूल की दीवार की मरम्मत करा दी है। मुख्य अध्यापक के सोमवार को आने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।