बागपत में महिला ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर अपनी 15 वर्षीय बेटी से परेशान होकर साथ रखने से इनकार कर दिया। चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने घर पहुंचकर समझाया।
बागपत के रमाला क्षेत्र के एक गांव में एक महिला ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर अपनी बेटी को दुत्कारते हुए साथ रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद वहां पहुंची चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने किशोरी को दुलारा और वन स्टॉप सेंटर में रखवाया। इसके बाद उसकी मां की काउंसलिंग कर समझाया।
विज्ञापन
पूरा मामला चार दिसंबर का है, जब क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर अपनी 15 वर्षीय बेटी से परेशान होने की जानकारी दी। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने इसकी सूचना रमाला पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस के साथ पहुंची चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी तो किशोरी को वन स्टॉप सेंटर में रखवाया गया।
चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम की काउंसलिंग के बाद चार दिन बाद महिला अपनी बेटी को घर ले जाने के लिए तैयार हुई तो किशोरी को उसके सुपुर्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि घर में कहासुनी होने पर महिला अपनी बेटी से नाराज हो गई थी। अब महिला अपनी बेटी को साथ लेकर चली गई।