बागपत। बंदपुर के पास बाइक सवार बदमाशों ने जिस सिपाही को गोली मारी थी, उसकी हालत ठीक होने पर अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। वहीं सिपाही को गोली मारने वाले बदमाशों का पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा सकी है।
सिपाही अरुण कुमार को आठ सितंबर की रात पुलिस लाइन से खेकड़ा ड्यूटी पर जाते समय बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। उनको गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी पत्नी प्रियंका ने कोतवाली पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था। घायल सिपाही की अस्पताल से बुधवार को छुट्टी हो गई जो फिलहाल अपनी रिश्तेदारी में गाजियाबाद में रह रहा है। पुलिस ने वहां पर पहुंचकर सिपाही से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। वहीं बदमाशों का पता लगाने के लिए कई संदिग्ध लोगों से पुलिस पूछताछ कर चुकी है, लेकिन अभी तक पुलिस की पकड़ से बदमाश बाहर है। सीओ अनुज मिश्रा का कहना है कि सिपाही को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। हमलावरों का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें कार्य कर रही हैं।