बड़ौत। पुलिस के रात्रि गश्त के दावे शुक्रवार की रात खोखले साबित हुए। मोहल्ला घास मंडी में कुछ बदमाशों ने उत्पात मचाते हुएकई घरों व दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ डाले। बदमाशों की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इससे आक्रोशित व्यापारियों ने कोतवाली में हंगामा किया। पुलिस से बदमाशों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
घास मंडी मोहल्ले में शुक्रवार की रात नकाबपोश तीन-चार बदमाशों ने कई मकानों व दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरो को तोड़ डाला। पूरी रात्रि मोहल्ले में बदमाशों ने उत्पात मचाया, लेकिन रात्रि गश्त के दावे करने वाली पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। शनिवार की सुबह व्यापारियों व मोहल्ले में लोग जगे तो सीसीटीवी कैमरे टूटे पड़े देख उनमें दहशत फैल गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। आरोप है कि घटना के बाद भी कोई पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे आक्रोशित व्यापारी पूर्व सभासद राकेश जैन के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे और पुलिस कार्यशैली के खिलाफ जमकर हंगामा किया। व्यापारियों का कहना था कि पुलिस की लचर कार्यशैली के चलते चोर व बदमाश बेखौफ होकर एक बाद एक घटना को अंजाम दे रहे है। 15 दिनों के अंदर कई घटना हो चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बदमाशों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बाजार बंद कर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान जुगमेन्द्र जैन, नीटू वर्मा, आशीष जैन, राकेश जैन, अंकुर वर्मा, मोनू शामिल रहे।
उधर, सीओ आलोक कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। कोतवाली पुलिस को गश्त बढ़ाने के लिए निर्देशित किया गया है।