नौ दिन में हो गया 100 करोड़ का कारोबार
दीपावली को लेकर कारोबारियों को बढ़ी उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। कोविड-19 के चलते बाजार में नवरात्र से पहले मंदी का माहौल था। मगर, नवरात्र में नौ दिन में बाजार ने अपनी पूरी रफ्तार पकड़ ली। लोगों ने दिल खोलकर खरीदारी की। जनपद में नौ दिन में 100 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। अच्छा कारोबार होने पर व्यापारी व दुकानदार भी खुश नजर आ रहे है। इससे व्यापारियों में आने वाले फेस्टिवल सीजन के लिए उम्मीदें बढ़ गई हैं।
बढ़ गई सराफा बाजार की चमक
सराफा बाजार के लिए नौ दिन चमक लेकर आए। नवरात्र से पहले सराफा कारोबारियों को जो उम्मीद थी, उससे दोगुना कारोबार हुआ है। कोरोना के चलते शादियों का बजट कम हुआ है। शादी के खर्च में कटौती से सराफा बाजार को लाभ हुआ है। लोग उस रकम को जेवरात खरीदने में लगा रहे हैं। इस बार नवरात्र में डायमंड ज्वैलरी की अधिक बिक्री हुई है। संतोष ज्वैलर्स से प्रभात जैन, किरण ज्वलैर्स प्रवीण ने बताया कि लोगों ने करवा चौथ और दीवाली के लिए डायमंड ज्वैलरी की अच्छी खरीदारी की है। अनुमान के मुताबिक सराफा बाजार में 10 करोड़ का कारोबार हुआ है। दीवाली पर इससे अधिक कारोबार की उम्मीद है।
1450 हजार वाहन बिके
नवरात्र में ऑटोमोबाइल सेक्टर भी फुल स्पीड में दौड़ा। नौ दिन में करीब 250 चार पहिया वाहनों की बिक्री हुई है। इस बार बड़े सेगमेंट की गाड़ियों की भी बंपर बिक्री हुई है। इसी तरह दो पहिया वाहन की बिक्री भी अच्छी रही। जिले में करीब 1200 दो पहिया वाहनों की बिक्री हुई है। ऑटो मोबाइल सेक्टर के लिए नवरात्र करीब 25 करोड़ का कारोबार देकर गया है। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष अरुण तोमर बोबी नवरात्र में ऑटो मोबाइल सेक्टर में अच्छा कारोबार रहा। धनतेरस पर बाजार में और कारोबार बढ़ने की संभावना है।
इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी तेजी
ऑनलाइन कंपनियों की सेल के बाद भी इस बार रिटेल इलेक्ट्रॉनिक बाजार में त्योहार में खूब तेजी देखने को मिली है। नवरात्र इलेक्ट्रॉनिक बाजार को संजीवनी देकर गया है। लॉकडाउन में जो नुकसान हुआ था, उसकी अधिकांश भरपाई इन नौ दिन में हो गई है। नवरात्र में सबसे ज्यादा एलईडी की बिक्री हुई। फ्रिज, वाशिंग मशीन भी बिकी। इलेक्ट्रॉनिक की दुकान करने वाले अमित जैन ने बताया कि नवरात्र में अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। लोगों ने ऑनलाइन की बजाय रिटेल बाजार से ज्यादा खरीदारी की। अनुमान के मुताबिक इलेक्ट्रॉनिक ट्रेड में छह करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है।
मोबाइल मार्केट में धूम
मोबाइल विक्रेता मुदित जैन का कहना है कि मोबाइल-लैपटॉप की लोगों ने अच्छी खरीदारी की। तमाम ऐसे लोग थे जिनके फोन खराब हो गए थे लेकिन किसी तरह इस्तेमाल कर रहे थे। स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं। इसके चलते भी बाजार पर अच्छा असर था। जनपद में तकरीबन दो करोड़ के मोबाइल की ब्रिकी हुई।
रेडीमेड सेक्टर की भी बल्ले बल्ले
लोगों ने शादी और त्योहार के लिए खरीदारी की। कोरोना संक्रमण काल में गारमेंट सेक्टर बुरी तरह प्रभावित था, लेकिन नौ दिन में बाजार को फिर से जान मिली है। नौ दिन में करीब 20 करोड़ का कारोबार हुआ है। कपड़ा व्यापारी नवनीत जैन व डीके जैन के अनुुसार नवरात्र में गारमेंट सेक्टर में बूम आया है।
भवन निर्माण सामग्री में भी मुनाफा
बड़ौत। भट्ठा व्यवसायी आशीष जैन ने बताया कि नवरात्र में लोग अब निर्माण कार्य भी करा रहे हैं। बाजार में ग्राहक थे। हालांकि पुराने सौदों का व्यापार अधिक हुआ है। लगातार बाजार खुलने से कारोबार तेजी से बढ़ेगा। जनपद में नौ दिनों के अंदर पांच करोड़ का कारोबार हुआ है।
यहां भी रही मुनाफे की धूम
बिनौली रोड स्थित पेट्रोल पंप के संचालक शिवेंद्र का कहना है कि नवरात्र में लोगों ने बहुत से वाहन खरीदे। जिस कारण डीजल व पेट्रोल की अच्छी सेल हो रही है। नौ दिनों के अंदर लगभग 12 करोड़ से अधिक डीजल व पेट्रोल की ब्रिकी हो गई है। नगर में बर्तन, जूते, रंग-रोगन का कारोबार भी बहुत अच्छा रहा। इनसे जुड़े कारोबारियों के अनुसार जनपद मेें लगभग 10 से 12 करोड़ का कारोबार हुआ। दुकानदार आशीष जैन ने बताया कि श्राद्ध पक्ष लगने के बाद बाजार में बहुत अधिक ग्राहक नहीं आए थे, लेकिन नवरात्र शुरू होते ही लोगों ने जरूरत के मुताबिक खाने-पीने की चीजें अधिक खरीदी हैं। वहीं, इसके अलावा किराना बाजार में भी अच्छी खरीदारी हुई। करीब 20 करोड़ का कारोबार हुआ है।