-धमाका होते ही आसपास रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मची, अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया
फोटो 11 ए और बी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। शहर में चमरावल मार्ग पर महिला थाने के पास डूडा के मिशन प्रबंधक विक्रांत सिंह निवासी इलाहाबाद की कार में शुक्रवार देर रात तेज धमाके के साथ आग लग गई। इससे आसपास रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वह घरों से भागकर बाहर निकले। वहां आए अग्निशमनकर्मियों ने आग बुझाई। कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका।
डूडा के मिशन प्रबंधक विक्रांत सिंह निवासी इलाहाबाद काफी समय से गर्ग एंक्लेव में एक मकान में किराए पर रहते हैं। गर्ग एंक्लेव में रहने वाले शुभम, विजयपाल, शांति देवी, अनुज ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे वहां पर खड़ी एक कार में तेज धमाका हो गया और उसमें आग लग गई। वह भागकर आए और फिर पुलिस के साथ अग्निशमन विभाग को आग लगने की जानकारी दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। उधर, पुलिस ने जली हुई कार की जांच पड़ताल की। जांच अधिकारी दीक्षित कुमार त्यागी का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।