बागपत ::::::::: शिक्षक पात्रता परीक्षा मामले में एसटीएम द्वारा पकड़ा गया आरोपी फिरोज।
- फोटो : BARAUT
टीईटी पेपर लीक मामले में कई माह से चल रहा था फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। एसटीएफ ने टीईटी प्रश्न पत्र लीक मामले में शुक्रवार रात बावली चुंगी बस स्टैंड से 25 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया है। वह कहीं भागने की फिराक में था। इस मामले में पुलिस एक आरोपी को पहले ही जेल भेज चुकी है।
एसटीएफ को जानकारी मिली कि टीईटी प्रश्न पत्र लीक मामले का आरोपी फिरोज पुत्र सुलेमान निवासी किरठल शुक्रवार रात बावली चुंगी स्थित बस स्टैंड पर खड़ा है। वह कहीं भागने की फिराक में है। इस पर एसटीएफ ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था।
बीए पास है फिरोज
आरोपी फिरोज बीए पास है। उसने बताया कि चार माह पूर्व हरिद्वार में बलराम उर्फ बबलू निवासी शाहडब्बर जनपद मुजफ्फरनगर से मुलाकात हुई थी। वर्ष 2020 में दोनों ने हरिद्वार के बहादराबाद सिडकुल बाईपास रोड पर कंप्यूटर लैब खोली थी। इसके बाद दोनों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को पास कराने के नाम पर रुपये ऐंठने शुरू कर दिए थे। बताया कि छछरपुर निवासी राहुल चौधरी भी इसमें लिप्त था। उसे एसटीएफ गत 29 नवंबर को जेल भेज चुकी है। राहुल और उसके साथी दरोगा भर्ती परीक्षा में भी सेंधमारी कर चुके हैं।
नगर में पूरे दिन घूमता रहा आरोपी
टीईटी पेपर लीक कराने का आरोपी व 25 हजार का इनामी फिरोज शुक्रवार को दिनभर नगर में इधर-उधर घूमता रहा। आरोप है कि मुखबिर ने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी थी। मामला आला अफसरों तक पहुंचा तो एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार किया।
वर्जन
फिलहाल पकड़े गए आरोपी फिरोज से पूछताछ की जा रही है। कई महत्वपूर्ण सुराग अभी तक पुलिस के हाथ लगे हैं। पूछताछ पूरी के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।-हरीश भदौरिया, सीओ