छात्रों की मेल आईडी बनाकर वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से यूपी बोर्ड के अनुक्रमांक और परीक्षाफल छात्र-छात्राओं की मेल आईडी पर भेजा जाएगा। परिषद ने बोर्ड की परीक्षा के लिए पंजीकृत छात्रों की मेल आईडी बनाकर वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए है। जिला विद्यालय निरीक्षण ने प्रधानाचार्यों को छात्रों की ईमेल आईडी बनाकर परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने की हिदायत दी है।
अब यूपी बोर्ड के छात्रों को प्रवेश पत्र से लेकर परीक्षाफल मेल आईडी पर मिलेगा। इससे उन्हें काफी राहत मिलेगी। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड की परीक्षा के लिए पंजीकृत छात्रों को डाटा तैयार कर मेल आईडी बनाने और परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि प्रवेश पत्र और परीक्षाफल जारी होने पर परिषद की वेबसाइट धीमी होने के कारण छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। छात्रों की इसी समस्या का समाधान करने के लिए परिषद ने उनकी मेल आईडी पर प्रवेश पत्र और परीक्षाफल भेजने की कार्ययोजना तैयार की है। परिषद के निर्देश पर सभी राजकीय, सहायता प्राप्त व वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को यूपी बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों का डाटा तैयार कर उनकी मेल आईडी बनाने के निर्देश दिए हैं। इसकी अवहेलना करने पर कार्रवाई की जाएगी।