बागपत। पुराना कस्बा निवासी बिजलीकर्मी से बदमाशों ने बीती शाम तमंचे के बल पर दस हजार रुपये, मोबाइल व बाइक लूट ली। वह खेकड़ा से ड्यूटी करके घर लौट रहा था। काठा गांव के समीप चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पुराने कस्बे के चौहनान मोहल्ला निवासी निशांत चौहान विद्युत निगम में संविदा पर ऑपरेटर है। वह आजकल खेकड़ा में तैनात है। वह मंगलवार शाम ड्यूटी खत्म करके बाइक से अपने घर लौट रहा था। वह काठा-पाली के बीच स्कूल के समीप पहुंचा तो उसे चार बदमाशों ने रोक लिया। जिनमें से तीन ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था और दो ने तमंचे लिए हुए थे। बदमाशों ने निशांत को तमंचा लगा दिया और उससे दस हजार रुपये, 30 हजार रुपये का मोबाइल व बाइक लूट ली। उसने विरोध करने का प्रयास किया तो उसे गालीगलौज कर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश भाग निकले। निशांत ने कोतवाली पहुंचकर घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी। इस पर पुलिस ने छानबीन की तथा कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। जिससे बदमाशों का पता लगाया जा सके।