जिवाना गांव निवासी युवक रणबीर की 10 जून को गोली मारकर कर दी गई थी हत्या
परिजनों का आरोप, जेल में बंद हत्यारोपी दे रहे जान से मारने की धमकी, दहशत में परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला (बागपत)। थाना क्षेत्र के जिवाना गांव में 10 जून को अनुसूचित जाति के युवक रणबीर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने गांव के ही पिता-पुत्र और एक हिस्ट्रीशीटर को इस मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। परिजनों का आरोप है कि हत्यारोपी जेल से ही धमकी दे रहे हैं। इससे पीड़ित परिवार दहशत में है। पुलिस ने कई बार शिकायत करने पर भी कार्रवाई नहीं की। इसके चलते बृहस्पतिवार को पीड़ित परिवार ने गांव छोड़ दिया है।
बता दें कि 10 जून को जिवाना गांव में अनुसूचित जाति के किसान रणबीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई राहुल ने गांव निवास पिता राजकुमार, उसके पुत्र विशु और गांव के ही हिस्ट्रीशीटर मयंक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। रणबीर के परिजनों का आरोप है कि हत्यारोपी जेल से ही पीड़ितों को धमकी दे रहे है। भाई राहुल ने बताया कि कई बार धमकी दी जा चुकी हैं। उन पर लगातार फैसले का दबाव बनाया जा हैं। इसकी शिकायत उन्होंने कई बार पुलिस को लिखित और मौखिक रूप से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्हें अपनी जान का खतरा बना हुआ है। 15 दिन पूर्व भी घर के निकट आरोपियों ने फायरिंग कराई थी। राहुल के मुताबिक यहीं वजह है कि परिवार को गांव से पलायन को मजबूर होना पड़ा है। आरोपियों से ग्रामीण भी इतने भयभीत है कि किसी ने भी उन्हें पलायन करने से नहीं रोका।
इंस्पेक्टर को अभी भी शिकायत का इंतजार
हत्यारोपियों की दहशत में एक परिवार गांव से पलायन कर गया, लेकिन पुलिस अभी भी शिकायत मिलने का ही इंतजार कर रही है। रमाला थाने के इंस्पेक्टर रवेंद्र यादव की बात से तो यही लगता है। इंस्पेक्टर का कहना है कि परिवार के पलायन की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलेगी तो मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पानीपत गया परिवार
मृतक रणबीर की पत्नी कुंतलेश और उसके बेटों के साथ भाई राहुल, अरुण व पुरुषोत्तम के परिवारों ने गांव से पलायन कर लिया है। यह सभी पानीपत चले गए है। कहना है कि स्थानीय पुलिस पर भरोसा नहीं है। परिवार को जानमाल का खतरा बना हुआ है।
इस मामले में आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पीड़ितों को धमकी मिलने के बारे में अभी जानकारी नहीं थी। इस मामले का पता करके कार्रवाई की जाएगी। - अभिषेक सिंह, एसपी।