दोघट। निरपुड़ा गांव की पट्टी दुलान में कृष्णराणा के आवास पर बुधवार को किसानों की सभा हुई। इसमें पुसार बस स्टैंड पर सांसद का विरोध करने पर पुलिस द्वारा किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस कराए जाने की मांग की। उन्हें वापस लेने की मांग की गई। उन्होंने मुकदमे वापस न होने पर दाहा में आठ नवंबर को होने वाली महापंचायत में बड़ा निर्णय लेने की चेतावनी दी।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि पुसार स्टैंड पर रविवार को भाजपा सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह किसान-मजदूर सम्मेलन में भाग लेने आए थे। किसानों ने रविवार को सांसद को काले झंडे दिखाकर विरोध जताया था। किसानों का आरोप था कि जब सांसद किसान-मजदूर सम्मेलन में उनकी समस्या सुनने आ रहे थे तो पुलिस ने उन्हें क्यों रोका। अब पुलिस ने किसानों पर मुकदमे दर्ज कर दिए हैं। उन्होने बताया कि आठ नवंबर तक दर्ज मुकदमे वापस नहीं कराए गए तो दाहा की पंचायत में बड़ा निर्णय किया जाएगा। इस मौके पर पप्पू राणा, चंद्रवीर, नरेंद्र, राजपाल, रामपाल सिंह, डॉ. राजू, भोपाल सिंह, जय सिंह, इलियास, इकबाल, अजब सिंह एवं कृष्ण राणा आदि मौजूद रहे। संवाद