टीम ने मावे के नमूने जांच के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। खाद्य विभाग की टीम ने बुधवार को मावा की भट्ठी, प्राइमरी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और मिठाई की दुकानों पर छापा मारा। वहीं, पांच नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। मावा की भट्ठी से सवा क्विंटल दूध का पाउडर सील कर दिया। नमूनों की रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला खाद्य अधिकारी वीके राठी ने बताया कि पांची गांव में उमरुद्दीन भट्ठी पर छापा मारकर मावा व दूध पाउडर का एक-एक सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। निरीक्षण में भट्ठी पर दूध पाउडर से मावा बनाया जा रहा था। जिस पर जांच रिपोर्ट आने तक सवा क्विंटल दूध का पाउडर सील कर दिया है। इसके अतिरिक्त टीम ने बड़का गांव के प्राइमरी स्कूल से बच्चों को वितरित किए जा रहे मिड-डे मील, गांव के ही आंगनबाड़ी केंद्र से चावल और बड़ौत में लक्ष्मी स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट से बेसन के लड्डूू का सैंपल जांच के लिए भेजा है। जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।