- पांच में चार कक्ष जर्जर एक कक्ष और बरामदे में पढ़ाए जाते है बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। भड़ल के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो का भवन जर्जर हो चुका है। इस कारण बच्चों को एक कक्ष में शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा विद्यालय में पेयजल की भी समस्या है। स्कूल में लगे दो हैंडपंप ठप पड़े है। बच्चों को पीने के पानी लेने के लिए स्कूल से बाहर जाना पड़ता है। कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं कराया जा रहा है।
प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में 127 छात्र-छात्राएं पंजीकृत है। विद्यालय में पांच कमरे व एक बरामद है। इनमें से चार कमरे जर्जर हो चुके है। इस कारण बच्चों को एक कक्ष और एक बरामदे में बैठाकर शिक्षण कराया जा रहा है। विद्यालय में पेयजल के लिए लगे दो हैंडपंप भी काफी समय से खराब पड़े है। बच्चे आसपास के घरों से पेयजल की व्यवस्था करते है।
ग्रामीणों का कहना
पूर्व प्रधान देवेंद्र का कहना है कि कई बार अधिकारियों को स्कूल के बारे में अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। हैंडपंप खराब होने के कारण बच्चों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
सुखबीर राणा का कहना है कि स्कूल का भवन काफी पुराना है। जर्जर होने के कारण स्कूल के कमरे कभी भी गिर सकते है, जिससे कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। उन्होंने भवन को ध्वस्त कराकर नया निर्माण कराने की मांग की है।
जगपाल सिंह का कहना है कि स्कूल में पेयजल के साथ-साथ पानी की निकासी की भी व्यवस्था नहीं है। बरसात होने पर स्कूल परिसर में जलभराव हो जाता है, जिससे स्कूल आने वाले बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
कई बार अधिकारियों को पत्र भेजकर पेयजल की समस्या और जर्जर भवन के बारे में अवगत कराया जा चुका है, मगर समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। - बबीता राणा, प्रधानाचार्या।