सात पर मुकदमा दर्ज कर एक को जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय। पुलिस ने शुक्रवार को लुहारा गांव में चार दुकानों व नगर के टंकी मोहल्ले में छापा मारकर अवैध पटाखे जब्त किए थे। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज एक को जेल भिजवा दिया।
सीओ अनुज मिश्रा के नेतृत्व में सिंघावली अहीर पुलिस ने लुहारा गांव में इकबाल फौजी, दिलबाग व इस्तकार की दुकानों पर छापा मारकर 45 लाख रुपये के अवैध पटाखे पकड़े थे। इसके अतिरिक्त कस्बे के टंकी मोहल्ले से पटाखों के 200 बोरे बरामद किए थे। पुलिस ने अनीश, रियासत, शराफत, गुलफाम, इकबाल फौजी, इस्तकार, इकबाल के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी अनीश को जेल भेज दिया है। वहीं, अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बुढ़सैनी में अवैध पटाखे पकड़े
बालैनी। पुलिस ने शनिवार को बुढ़सैनी गांव स्थित एक मकान पर छापा मारकर लाखों रुपये के अवैध पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मकान मालिक को हिरासत में ले लिया है। सीओ युवराज सिंह और बालैनी पुलिस ने बुढ़सैनी गांव में एक मकान पर छापा मारा। एक मकान से 50 से अधिक पटाखों की पेटी बरामद कीं। पकड़े गए पटाखों की कीमत पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मकान मालिक राहुल पुत्र जगदीश को हिरासत में ले लिया है। उसने बताया कि उसने यह मकान सराय निवासी एक व्यापारी को किराए पर दे रखा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। संवाद