विभिन्न मांगो को लेकर बागपत सीएचसी में धरना-प्रदर्शन करते फार्मासिस्ट
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। मांगों को लेकर फार्मासिस्टों का विरोध प्रदर्शन जारी है। सोमवार को फार्मासिस्टों ने मांगों को लेकर सुबह दो घंटे तक कार्य का बहिष्कार कर धरना दिया। उन्हाेंने मांगें पूरी नहीं होने पर 16 दिसंबर से पूर्ण रूप से हड़ताल की चेतावनी दी है।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट का संवर्ग के उच्च पदों के वेतनमान योग्यता के अनुसार प्रदान करने, प्रभार भत्ता बढ़ाने, पदनाम परिवर्तित करने, उपकेंद्र व वेलनेस सेंटर पर तैनात किए जाने वाले सीएचओ की शैक्षिक योग्यता में डिप्लोमा फार्मेसी/बैचलर फार्मेसी को शामिल करने सहित 20 मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे है।
फार्मासिस्ट ने सोमवार को दो घंटे कार्य का बहिष्कार कर सीएचसी में धरना दिया। जिससे सीएचसी पर उपचार कराने के लिए आए मरीजों को काफी देर तक इंतजार करने के लिए विवश होना पड़ा। उन्होंने मांगे जल्द पूरी न होने पर 16 दिसंबर से कार्य का बहिष्कार कर हड़ताल की चेतावनी दी। इस मौके पर मनोज कुमार गोपी, रमेश चौहान, राजकुमार, विनीता कौशिक, सतीश गिरी आदि रहे।
उधर, बिनौली में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान पर 20 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत सीएचसी पर फार्मासिस्ट ने दो घंटे का कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। इस दौरान मरीजों को दवा का वितरण नहीं हो पाया, जिस कारण मरीज परेशान रहे। दो घंटे के बाद धरना समाप्त होने के बाद ही स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू हुई। धरना देने वालों में राजीव कुमार, नरेंद्र, चंचल त्यागी, संजीव कुमार आदि शामिल रहे।