- डेढ़ माह पूर्व हाईवे निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई थी पाईप लाईन
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे किनारे वार्ड दो की बाहरी बस्ती के परिवार पिछले डेढ़ माह से पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। शिकायतों के बाद भी नगर पालिका अधिकारियों ने टूटी पेयजल की पाइप लाइन को ठीक नहीं कराया। शनिवार को बस्ती के नागरिकों के पेयजल की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र समस्या का समाधान न होने पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
हाईवे किनारे वार्ड दो बाहरी बस्ती के नागरिकों ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले हाईवे के निर्माण के दौरान पालिका की पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। तभी से बस्ती में पानी की सप्लाई बंद है। बस्ती के नागरिक पिछले डेढ़ माह से पेयजल की समस्या से समाधान कराने की मांग को लेकर पालिका के चक्कर लगा रहे हैं। मगर उनकी समस्या सुनने वाला कोई नहीं है। नागरिक हाईवे पार और ट्यूब्वैल से पेयजल की व्यवस्था करने को मजबूर हैं। शनिवार को नागरिकों ने पेयजल की समस्या को लेकर बस्ती में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में सुभाष चंद वशिष्ठ, गीता, शिवकौर, पालो, जगबीरी, सुनील, रज्जो, गीता, सत्यवीर मौजूद रहे।