किसानों ने की शीघ्र बकाया गन्ना मूल्य भुगतान व मूल्य तय करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। चीनी मिलों में नए पेराई सत्र की तैयारी शुरू हो गई है। हालांकि अभी तक बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हो पाया है। जिले के एक लाख 25 हजार 915 किसान बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, हापुड़ व मेरठ की 12 चीनी मिलों पर गन्ने की सप्लाई करते हैं। मेरठ की दौराला मिल, नंगलामल मिल और मुजफ्फरनगर की खतौली मिल ने ही किसानों के बकाए का भुगतान किया है। शेष नौ चीनी मिलों पर 74128.92 लाख रुपये बकाया हैं।
450 रुपये तय करें गन्ने का दाम
सरूरपुर के प्रगतिशील किसान सुभाष नैन का कहना है कि डीजल, पेट्रोल, उर्वरकों के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे फसल की लागत बढ़ रही है। वहीं, गन्ने के दामों में चार साल से बढ़ोतरी नहीं की गई है। सरकार गन्ना मूल्य को लेकर निर्णय नहीं ले पा रही है। उन्होंने गन्ना मूल्य 450 रुपये क्विंटल तय करने की मांग की है।
अग्रवाल मंडी टटीरी के किसान आशाराम का कहना है कि सरकार को पेराई सत्र शुरू करने से पहले बकाया भुगतान और गन्ने का दाम शीघ्र तय करना चाहिए। फसल की लागत को देखते हुए गन्ने का मूल्य 450 रुपये होना चाहिए।
सूरजपुर महनवा के रामकुमार शर्मा का कहना है कि बकाया भुगतान नहीं होने से किसानों को आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। सरकार को पेराई सत्र शुरू करने से पूर्व बकाया भुगतान और गन्ना मूल्य तय करना चाहिए।
मिलों पर किसानों का बकाया -
मिल किसान आपूर्ति देय अवशेष
बागपत 24830 52.14 16763.57 6583.83
रमाला 26736 96.99 31387.27 9025.06
मलकपुर 36990 148.84 47826.76 36360.16
किनौनी 22557 71.54 22783.62 13589.78
दौराला 223 1.38 437.79 00.00
नंगलामल 94 0.35 110.02 00.00
तितावी 1155 4.87 1540.84 72.60
खतौली 1084 3.20 1014.42 00.00
भैंसाना 5967 23.43 7431.73 4923.00
ऊन 2825 9.09 2878.01 1171.25
ब्रजनाथ 240 1.50 474.33 240.99
मोदीनगर 3212 9.37 2968.88 2162.25
कुल 125915 422.70 135617.24 74128.92
नोट: (आंकड़े जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय से लिए गए हैं। सभी आंकड़े 31 अगस्त तक के हैं। गन्ना आपूर्ति लाख क्विंटल में और बकाया भुगतान लाख रुपये में है।)
वर्जन -
मिलों पर किसानों के बकाए का भुगतान करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। कुछ मिलों ने पूरा भुगतान कर दिया है और अन्य मिलें धीरे-धीरे बकाए का भुगतान कर रही हैं।-अनिल भारती, जिला गन्ना अधिकारी।