ग्राम पंचायत की निधि से श्री अशोक विद्यालय इंटर कॉलेज में तैयार किया गया ट्रैक
युुवाओं को गांव में ही मिलेगी फिटनेस और सेना की तैयारी की सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय। कमाला गांव के युवाओं को अब फिटनेस और सेना व अन्य भर्ती की तैयारी करने के लिए परेशानी नहीं होगी। ग्राम पंचायत की निधि से गांव के ही श्री अशोक विद्यालय इंटर कॉलेज में ओपन जिम और दौड़ के लिए ट्रैक तैयार कराया गया है।
गांव के युवाओं को फिटनेस बनाने के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता था। इसके अलावा सेना, पुलिस व अन्य भर्ती की तैयारी करने के लिए सड़क पर दौड़ लगाने के लिए विवश होना पड़ता था। मगर, अब गांव के युवाओं को उनकी फिटनेस बनाने व सेना की तैयारी करने के लिए गांव के ही स्कूल में खाली पड़ी करीब छह बीघा जमीन में ओपन जिम के साथ दौड़ के लिए ट्रैक का निर्माण कराया गया है। युवाओं को तैयारी करने में परेशानी न हो इसके लिए स्कूल के मैदान में लाइटें भी लगवाई गई है। ओपन जिम को लेकर गांव के सुशील, राहुल, अक्षय, अनुज, अरुण, प्रिंस, मोहित, पंकज, दीपक ने खुशी जाहिर की है।
करीब डेढ़ से दो लाख आई लागत
प्रधान अमरजीत राणा ने बताया कि क्षेत्रीय युवा लंबे समय से सेना, पुलिस आदि की तैयारी के लिए व्यवस्था कराने की मांग कर रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत निधि से जूड इंटर कॉलेज की खाली जमीन में ओपन जिम और ट्रैक तैयार कराया गया है। इसमें करीब डेढ़ से दो लाख रुपये की लागत आई है।