- सब कांट्रेक्टर कंपनी ने एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग रखी
- 98 करोड़ की लागत से प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। निरपुड़ा में निर्माणाधीन 220/132 हाईब्रिड सब स्टेशन की ठेकेदार कंपनियों के बीच भुगतान का विवाद शुरू हो गया है। छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने बिजलीघर का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। सब कांट्रेक्ट कंपनी ने एसपी अजय कुमार सिंह से प्रकरण की शिकायत की है।
पावर कार्पोरेशन की ओर से कान्हड़ गांव में निरपुड़ा 220/132 हाईब्रिड सब स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है। 98 करोड़ रुपये की लागत निर्माण होना था। निगम ने आरएस इंफ्रा प्रोजेक्ट को ठेका दिया। इसके बाद इंफा प्रोजेक्ट ने इफकोन प्राइवेट लिमिटेड को सब कांट्रेक्ट दे दिया। इफकोन के डायरेक्टर रईस अहमद ने बताया कि उन्होंने लेबर कांट्रेक्ट साबिर नाम के व्यक्ति को दिया था। इंफ्रा कंपनी की ओर से उन्हें 19 मार्च तक भुगतान किया गया, लेकिन इसके बाद भुगतान रोक लिया गया। लॉकडाउन के बावजूद अप्रैल में काम शुरू करा दिया गया। भुगतान नहीं करने पर जानकारी मिली कि इंफ्रा कंपनी ने सीधे लेबर कांट्रेक्टर साबिर को ही लाखों रुपये का भुगतान किया गया है। यह वर्क ऑर्डर के नियमों का उल्लंघन किया गया। प्रकरण को लेकर वह एसपी अजय कुमार सिंह से मिले और कार्रवाई की मांग की गई। भाजपा विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने भी बिजलीघर का निरीक्षण किया और विवाद की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आमजन को निर्माण से फायदा होना है। ठेकेदार कंपनी जल्द से जल्द अपने विवाद का निपटारा करें, ताकि आमजन को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
अक्तूबर तक होना है निर्माण पूरा
बागपत। कान्हड़ में 98 करोड़ की लागत से बन रहे बिजलीघर का निर्माण पहले जून महीने तक पूरा होना था। लेकिन लॉकडाउन के कारण अब इसकी समय सीमा अक्तूबर तक बढ़ा दी गई है।