बागपत। परिषदीय विद्यालयों में बिना कारण अवकाश पर रहने वाले शिक्षकों की खैर नहीं है। बीएसए ने पहले खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश किया है कि अवकाश पर जाने वाले शिक्षकों को कोड जारी किया जाए। बिना कोड के किसी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। बिना जानकारी के शिक्षक गैरहाजिर मिले तो विभागीय कार्रवाई के साथ वेतन रोका जाएगा।
बिना कारणों के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों के अवकाश पर जाने पर बच्चों की पढ़ाई-लिखाई प्रभावित हो रही है। बीएसए के निरीक्षण में अधिकांश स्कूलों में शिक्षक गैरहाजिर मिले। अवकाश के सही कारणों को भी नहीं बताया जाता। अब शिक्षकों को अनावश्यक अवकाश लेने के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों से कोड लेना पड़ेगा, जिसके बाद ही उसे छुट्टी मिलेगी। बीएसए योगराज सिंह ने सभी ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश कर दिया है कि अवकाश पर जाने वाले शिक्षकों को कोड जारी किया जाए। इसके बिना शिक्षक गैरहाजिर मिले तो उनका वेतन काटा जाएगा। साथ ही चरित्र पंजिका में दर्ज करवाया जाएगा। अवकाश में खंड शिक्षा अधिकारियों ने गड़बड़ी की तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई प्रकाश में लाई जाएगी।
बीएसए करेंगे अवलोकन
बागपत। शिक्षकों के अवकाश के लिए एक लिपिक को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। एक अवकाश रजिस्टर बनाया जाएगा, जिसमें छुट्टी पर जाने वाले शिक्षकों का कोड सहित सभी ब्योरा दर्ज कराया जाएगा। बीएसए हर रोज अवकाश रजिस्टर का अवलोकन करेंगे।