- राष्ट्र वंदना चौक पर झगड़ा करने से मना करने पर युवकों ने मारी थी गोली
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। राष्ट्र वंदना चौक पर बुजुर्ग को गोली मारने वाले तीन आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। पुलिस उनके गैर जमानती वारंट जारी कराकर उनकी तलाश करने का दावा करती रही। तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।
ढिकौली गांव के रहने वाले समय पुत्र करमू 24 जून की सुबह बागपत की माता कालोनी में अपनी बेटी से मिलने जा रहा थे। राष्ट्र वंदना चौक पर ठेली से केले खरीदने लगे। इस दौरान कुछ युवक किसी बात को लेकर आपस में लड़ने लगे। बुजुर्ग समय ने युवकों को लड़ने से मना किया। इस बात से नाराज होकर युवकों ने बुजुर्ग को गोली मारकर घायल कर दिया था। कोतवाली पर घटना का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में शुक्रवार को तीन आरोपियों रोहित, शिवम व राम निवासीगण अहैड़ा ने सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि दो आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। एक फरार आरोपी को तलाश किया जा रहा है।