संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। क्षेत्र के पुसार गांव के जंगल में रविवार देर शाम राहगीरों को बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पार करते समय तेंदुआ दिखाई दिया। इससे वाहन चालक भयभीत हो गए। ग्रामीणों की सूचना पाकर वन कर्मियों ने सोमवार को जंगल में तेंदुए की तलाश की, मगर पता नहीं चल सका।
दोघट निवासी सोनू बड़ौत से बाइक पर सवार होकर अपने गांव आ रहा था। उसके साथ उसके रिश्तेदार अरविंद व सतेंद्र निवासी मुजफ्फरनगर भी साथ थे। पुसार के जंगल में अचानक एक तेंदुए ने सड़क पार की तो उन्होंने बाइक वापस बामनौली की तरफ मोड़ ली तथा सड़क किनारे एक भट्ठे के सामने खड़े हो गए। ट्रक व अन्य वाहनों के साथ बाइक निकाली। उन्होंने पुसार बस स्टैंड पर खड़े लोगों को इसकी जानकारी दी। सोमवार को लोगों ने वन विभाग को तेंदुए की जानकारी दी। वनकर्मी संजीव कुमार ने मौके पर पहुंचकर जंगल में ग्रामीणों के साथ कांबिंग कराई। ग्रामीण संजय व मोहित ने बताया कि जंगल में तीन-चार दिन से तेंदुआ दिखाई दे रहा है। वनकर्मियों ने बताया कि जो निशान तेंदुए के बताए जा रहे हैं वे जंगली कुत्ते के प्रतीत हो रहे हैं।