बिनौली (बागपत)। मालमाजरा गांव के जंगल में शिकारियों से बचकर भाग रहे एक हिरन को खूंखार कुत्तों ने मार डाला। सूचना के घंटों बाद जब वन कर्मी मौके पर पहुंचे तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हें बंधक बनाया लिया और हंगामा किया। ग्रामीणों ने वन कर्मियों पर कई संगीन आरोप लगाएं। सूचना पर पहुंचे वन क्षेत्राधिकारी ने किसी तरह मामला शांत कर वनकर्मियों को बंधन मुक्त किया।
गांव के पास ही जंगली क्षेत्र में कुछ लोगों ने कुत्तों का शिकार बने मृत हिरन को देखा। इसके बाद ग्राम प्रधान शैलेंद्र ठाकुर की अगुवाई में ग्रामीण वहां पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे वन रक्षक चंदकिरण, मनोज सहित अन्य सदस्यों की टीम को उन्होंने बंधक बना लिया। उन्होंने टीम को खरी-खोटी सुनाई और हंगामा किया। उनका आरोप था कि वन विभाग की टीम यदि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेती तो ऐसी घटना सामने नहीं आती। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि शिकारियों से बचने के प्रयास में हिरन खूंखार कुत्तों के निशाने पर आ गया।
ग्रामीणों का कहना है कि काफी दिनों से क्षेत्र में शिकारी सक्रिय है जो आए दिन वन्य जीवों को मौत के घाट उतार रहे हैं। जो वन्य जीव शिकारियों की नजरों से बच जाता है। उसे यहां मंडराने वाले खूंखार कुत्ते अपना शिकार बना देते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार वन विभाग के अफसरों से लेकर वन रक्षकों को इस हालात से अवगत कराया गया है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं की जा रही है।
बाद में पहुंचे वन क्षेत्राधिकारी राजपाल सिंह ने हस्तक्षेप कर मामला शांत किया। हंगामा करने वालों में यूनूस, शौकीन मलिक, शमीम, इरशाद, बिल्ला आदि शामिल रहे। वन क्षेत्राधिकारी ने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि वन्य जीवोें से ऐसी गतिविधियों की जानकारी समय रहते देने में ग्रामीण सहयोग करें।