- सरकारी धन का दुरुपयोग करने पर ग्राम प्रधान, सचिव और एडीओ को नोटिस
- तीन दिन में स्पष्टीकरण न देने पर कार्रवाई की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले की दस ग्राम पंचायतों में 17 लाख रुपये की अनियमितता की गई है। इन सभी के ग्राम प्रधान, सचिव और सहायक विकास अधिकारियों को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है। जवाब न देने पर अनुशासनात्मक के साथ ही विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सीडीओ रंजीत सिंह ने बताया कि सिरसलगढ़ दरकावदा, डौला और डौलचा गांव में सरकारी धन का दुरुपयोग करते हुए अनाश्यक रुपये से साइन बोर्ड लगाए गए है। उन्होंने बताया कि सिरसलगढ़ दरकावदा में 68794 रुपये, डौलचा में एक लाख 39500 रुपये और डौला गांव में एक लाख 98240 रुपये साइन बोर्ड पर खर्च किए गए है। इसके अलावा 31 अगस्त से 16 सितंबर तक विकास भवन में ग्राम प्रधान व सचिव ने धरना प्रदर्शन में उपस्थित होते हुए वाजिदपुर गांव में 168980 रुपये, डगरपुर गांव में 845119 रुपये, बली गांव में 74 हजार 250 रुपये, खटटा प्रह्लादपुर गांव में 68544 रुपये, रामनगर गांव में 16200 रुपये, अहमदपुर गठीना में 48385 रुपये और महरमपुर गांव में 98074 रुपये निकाले गए है। सीडीओ ने बताया कि ग्राम पंचायतों में सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने इन ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव और सहायक विकास अधिकारियों को नोटिस जारी कर कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। उन्होंने निर्देशानुसार नोटिस का जवाब न देने पर उनके खिलाफ र्कारवाई की चेतावनी दी है।