दोघट। झुंडपुर गांव में हिंडन नदी पर प्रस्तावित पुल का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। ग्रामीण काफी समय से नदी पर पुल बनवाने की मांग कर रहे हैं। पुल निर्माण होने से कई गांव के सैकड़ों ग्रामीणों का फायदा होगा। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता ने बृहस्पतिवार को नदी पर पुल का निर्माण कराने के लिए निरीक्षण किया।
ग्राम झुंडपुर, मिलाना व तवेलागढ़ी के किसानों की सैकड़ों हेक्टेअर भूमि हिंडन पार है। पुल न होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों को अस्थायी पुल बनाकर नदी पार करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। कई लोगों की नदी में गिरने से मौत हो चुकी है। क्षेत्र के ग्रामीण काफी समय से नदी पर पुल बनवाने की मांग कर रहे हैं। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता आकांक्षा सिंह व अवर अभियंता वरुण बालियान ने बृहस्पतिवार को नदी पर पुल निर्माण करने के लिए स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पांच महीने पूर्व सेतु निगम के अधिकारियों ने मिट्टी की जांच कराई थी। वह उपयोगी पाई गई। अब शीघ्र नदी पर पुल का निर्माण शुरू होगा।