- बुढ़सैनी के प्रधान सहित तीन का बालैनी पुलिस ने मंगलवार को किया था चालान
- प्रधानों के प्रतिनिधिमंडल ने बालैनी पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बुढ़सैनी के प्रधान सहित तीन पर थाने में अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए शांतिभंग में चालान करने का मामला तूल पकड़ गया है। इस मामले में 24 गांवों के प्रधान बुधवार को एसपी से मिलने पहुंचे। बालैनी पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई।
बुढ़सैनी गांव में रविवार की रात बालैनी पुलिस एक युवक के यहां गई थी। युवक व अन्य के साथ प्रधान अजय यादव सोमवार को बालैनी थाने में पहुंचे थे। पुलिस ने तीनों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया था। इस मामले में बुधवार को प्रधान अजय यादव के साथ ही कई गांवों के प्रधान एसपी कार्यालय पहुंचे। उनका कहना है कि वह ग्रामीणों की शिकायत लेकर थाने गए थे और वह थाना प्रभारी से मिले थे। उनको बताया था कि पुलिसकर्मी रात मेें गांव में घरों में घुसकर परिवार के लोगों का उत्पीड़न करते है। लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती है। इस तरह अवैध वसूली का प्रयास किया जा रहा है। प्रधान ने आरोप लगाया कि थाने में मारपीट की गई और उसके बाद उनका ही चालान कर दिया गया। इस मामले में एसपी से कार्रवाई की मांग की गई। एसपी नीरज कुमार जादौन ने जांच कराकर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रताप सूबेदार, अमरदीप प्रधान, जय कुमार सूबेदार, रामपाल पूर्व प्रधान, संजय प्रधान, लक्की चौधरी प्रधान, निर्भय प्रधान, शौकेंद्र पूर्व प्रधान, ब्रह्मपाल प्रधान आदि मौजूद रहे।
फार्मासिस्ट की हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कराया
बागपत। बली गांव में पांच अक्टूबर को फार्मासिस्ट सुरेंद्र सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों अमन व पंकज पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने तीन आरोपियों अरुण उर्फ चना, भोला व पवन निवासीगण ग्राम बली को गिरफ्तार किया था तो पंकज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा था। आरोपी अमन ने बागपत कोर्ट व राहुल निवासी ग्राम गेज्जा ने मेरठ की कोर्ट में सरेंडर किया था। कोतवाली प्रभारी तपेश्वर सागर ने बताया कि आरोपी अमन को बुधवार को रिमांड पर लिया गया। उसकी निशानदेही पर बली में गन्ने के खेत से घटना में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस का खोखा बरामद किया गया।