मुकुंदपुर के शहीद जवान धमेंद्र के पिता ओम सिंह
- फोटो : BAGHPAT
छपरौली (बागपत)। नगालैंड में उग्रवादियों के हमले में शहीद हुए मुकुंदपुर के जवान धर्मेंद्र के पिता ओमसिंह का सोमवार को दर्द छलक गया। उन्होंने कहा कि नगालैंड में जवानों से टुकड़िय़ों में गश्त करानी चाहिए तथा उग्रवादियों का खात्मा अब जरूरी हो गया है। वे लगातार जवानों को निशाना बना रहे हैं।
मुकुंदपुर के रहने वाले असम राइफल्स के जवान धर्मेंद्र की नगालैंड में उग्रवादियों के हमले में गोली लगने से मौत हो गई थी। उनका शव रविवार रात गांव पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, पिता ओमसिंह के अंदर बेटे के खोने का दर्द भरा है। उन्होंने कहा कि नगालैंड में आज भी दो-दो जवानों से गश्त कराई जाती है। जबकि वहां उग्रवादियों को देखते हुए टुकड़ियों में कराई जानी चाहिए। वहीं, उन्होंने कहा कि सरकार को जवानों की जान की कीमत को समझना चाहिए और उग्रवादियों के मामले में समाधान निकालना चाहिए। उग्रवादियों के खात्मे के लिए कदम भी उठाने चाहिए। क्योंकि जिस तरह से उन्होंने अपने बैठे को खोया है, ऐसे किसी माता-पिता को अपना बेटा नहीं खोना पड़े।