विद्यालयों का सर्वे पूरा शीघ्र शुरू होगा मरम्मत कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत जिले के राजकीय विद्यालयों की हालत सुधारी जाएगी। विद्यालयों के जीर्णोद्धार व मरम्मत के लिए जिला स्तर पर सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। विभाग की ओर से शीघ्र ही प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। शासन के दिशा-निर्देश अनुसार विद्यालयों में निर्माण व मरम्मत कार्य कराए जाएंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग में मिशन कायाकल्य की तरह माध्यमिक शिक्षा में प्रोजेक्ट अलंकार शुरू किया गया है। प्रोजेक्ट अंतर्गत राजकीय विद्यालयों की दशा सुधारी जाएगी। राजकीय विद्यालयों के भवनों को निजी विद्यालयों की तरह बनाया जाएगा। विद्यालयों में बच्चों के लिए भौतिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। विद्यालयों में निर्माण व मरम्मत कार्य कराने के लिए जिला स्तरीय टीम ने सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से विद्यालयों की मरम्मत और निर्माण संबंधी कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा और शासन के निर्देशानुसार विद्यालयों में निर्माण और मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। इसके अंतर्गत शौचालय, टाइल्स कार्य, गेट व अधूरी चहारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा।
वर्जन
प्रोजेक्ट अलंकार अंतर्गत राजकीय विद्यालयों का सर्वेक्षण पूरा हो गया है। शीघ्र प्रस्ताव तैयार का शासन को भेजा जाएगा। विद्यालयों में निर्माण व मरम्मत कार्य कराए जाएंगे।-रवींद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक