खेकड़ा। कस्बा निवासी एक युवती ने नौकरी के लिए रिश्ता तोड़ दिया। इस पर युवक का पिता उसके परिजनों से हर्जाने के रूप में ढाई लाख रुपये की मांग कर रहा है। उक्त मामला कोतवाली पहुंचा। हालांकि इसका समाधान नहीं हुआ है।
नगर के मोहल्ला औरंगाबाद निवासी एक युवती ग्रेजुएट है। पिछले दिनों परिजनों ने उसका रिश्ता बड़ौत क्षेत्र के एक युवक से तय कर दिया था। इसके बाद लड़के और लडकी पक्ष की ओर से एक-दूसरे को सोने के जेवरात और वस्त्र दिए गए थे। इसके कुछ दिन बाद युवती की निजी कंपनी में नौकरी लग गई। लड़के पक्ष को इसका पता चला ता युवती पर नौकरी छोड़ने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। युवती ने आत्मनिर्भर बनने की बात कहते हुए इससे इनकार कर दिया।
इतना ही नहीं युवती ने शादी करने से भी मना कर दिया। इसके बाद लड़के पक्ष ने उसके परिवार पर रिश्ता तय होने में खर्च हुए ढाई लाख रुपये की मांग कर डाली। युवती के परिजनों ने कहा कि रुपये उनके भी खर्च हुए हैं। वे भी उनके रुपये लौटा दें। इसके बाद लड़के के पिता ने परिजनों संग कोतवाली पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने विवाद को निपटाने के लिए लड़की पक्ष को भी बुलाया। यहां काकी जद्दोजहद के बाद भी विवाद नहीं निपटा सका। इसके बाद दोनों पक्ष लौट गए।
इस बाबत पुलिस क्षेत्राधिकारी युवराज सिंह का कहना है कि विवाद लडके-लडकी के रिश्ते का है। पुलिस ने इसे निपटाने का प्रयास किया परंतु दोनों पक्ष बगैर कोई कार्रवाई किए लौट गए।