दुकानों पर बिना मास्क नहीं मिलेगा राशन
एक दिन में 50 लोगों को ही राशन का वितरण किया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत तीन जून से 15 जून तक निशुल्क राशन का वितरण होगा। योजना के अंतर्गत अंत्योदय और पात्र गृहस्थी को पांच किलो निशुल्क राशन वितरित किया जाएगा। इसमें प्रत्येक यूनिट पर तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल उपलब्ध कराया जाएगा। मास्क का प्रयोग न करने वाले उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिलेगा। राशन की दुकानों पर कोरोना प्रोटोकॉल के अंतर्गत वितरण के निर्देश दिए गए है।
कोरोना महामारी में लोगों को परेशानी न हो इसके लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत निशुल्क राशन का वितरण किया जा रहा है। तीन जून से 15 जून तक सभी राशन की दुकानों पर सुबह छह बजे से रात्रि नौ बजे तक राशन का वितरण किया जाएगा। वितरण के अंतिम दिन आधार प्रमाणिकरण के माध्यम से राशन प्राप्त न करने वाले उपभोक्ताओं को ओटीपी भेजकर वितरण कराया जाएगा। 13 से 15 जून तक उपभोक्ताओं को पोर्टेबिलिटी के अंतर्गत राशन का वितरण किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने बताया कि राशन वितरण के दौरान दुकानों पर कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराया जाएगा। सभी दुकानों पर सैनिटाइजर और साबुन की व्यवस्था रहेगी। सोशल डिस्टेंस का पालन कराया जाएगा। दुकानों पर बिना मास्क राशन का वितरण नहीं किया जाएगा। राशन वितरण के दौरान टोकन व्यवस्था के अंतर्गत एक दिन में 50 लोगों को ही राशन का वितरण किया जाएगा। सभी राशन डीलरों को प्रोटोकॉल के अंतर्गत राशन का वितरण करने के निर्देश दिए गए है।