बागपत। भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नेताओं ने भागदौड़ शुरू कर दी। जिलाध्यक्ष के लिए 59 नामांकन आए और हर कोई कुर्सी कब्जाने में लगा है।
मगर, जिलाध्यक्ष के लिए शुरूआती चर्चा में पांच नाम तय हो चुके हैं और गुर्जर व ब्राह्मण के बीच कड़ी टक्कर बताई जा रही हैं। हाईकमान को अब नाम की सूची सौंपी जाएगी और जिलाध्यक्ष के लिए वहां से आखिरी फैसला होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए नामांकन कराने को चुनाव पर्यवेक्षक व पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह और चुनाव अधिकारी अशोक जाटव बुधवार को यहां पहुंचे थे। उनके सामने नामांकन करने के लिए भाजपा नेताओं की भीड़ जमा हो गई थी और जिलाध्यक्ष बनने की चाहत में 59 नेताओं ने नामांकन किया। इसके बाद कोर कमेटी की बैठक में जिलाध्यक्ष के लिए नाम पर चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष के लिए शुरूआती तौर पर पांच नाम की सूची बनाई गई है। इसमें बड़ौत विधानसभा क्षेत्र से तीन और बागपत से दो नाम शामिल किए गए हैं और जातीय तौर पर दो ब्राह्मण, दो गुर्जर, एक जाट शामिल है। इनपर मंथन के बाद तीन के नाम तय होंगे और इसके बाद हाईकमान की अंतिम मुहर लगेगी। मगर, यह जरूर तय हो गया है कि इस बार बागपत या बड़ौत से जिलाध्यक्ष होगा।