बड़ौत कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में लैपटॉप चोरी के आरोपी व बरामद लैपटाप।
- फोटो : BARAUT
अमीनगर सराय (बागपत)। लुहारा गांव स्थित रालोद के जिला उपाध्यक्ष फकरूद्दीन राणा के मकान पर सिंघावली अहीर पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम को छापा मारकर भारी मात्रा में रखे गए पटाखे बरामद किए है। इन पटाखों की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने रालोद नेता को थाने में लाकर पूछताछ की तो उसने वह मकान पिछले एक साल से किराये पर देने की बात कही है। पुलिस ने कई नाम सामने आने पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
अमीनगर सराय कस्बे से सटे हुए लुहारा गांव में रालोद के जिला उपाध्यक्ष फकरूद्दीन राणा के मकान पर पुलिस ने अवैध रूप से पटाखे रखे होने की सूचना पर छापा मारा। पुलिस को भारी मात्रा में पटाखे मिले, जिनमें अधिकतर विस्फोटक पटाखे शामिल थे। पुलिस ने इनकी कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई। इसके बाद फकरूद्दीन को पुलिस पूछताछ के लिए थाने लेकर पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि उसने वह मकान एक साल पहले गुलफाम पुत्र इकबाल को किराए पर दिया था। इसके बाद से वह मकान में नहीं जाता है। पुलिस ने गुलफाम का नाम सामने आने के बाद उसकी तलाश शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस यह भी छानबीन कर रही है कि अवैध पटाखों के रखे होने की रालोद नेता को जानकारी थी या नहीं। सिंघावली अहीर थाना प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी का कहना है कि इस मामले में अभी छानबीन चल रही है। गुलफाम की तलाश की जा रही है।
पत्नी है जिला पंचायत सदस्य
पटाखों के मामले में चर्चा में आए रालोद के जिला उपाध्यक्ष फकरूद्दीन की पत्नी शाहिदा भी जिला पंचायत सदस्य शाहिदा है। वह रालोद के समर्थन से इस बार पंचायत चुनाव में जीती थी।
पहले भी पकड़े जा चुके है लाखों के अवैध पटाखे
एक महीने के अंदर ही पुलिस ने करीब 35 लाख रुपये के अवैध पटाखों को बरामद किया है। पुलिस की सख्ती के बाद भी लगातार अवैध रूप से पटाखे व विस्फोटक यहां कैसे पहुंच रहा है। अवैध रूप से पटाखे बेचने का तरीका भी बदल दिया गया है।