संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिलाधिकारी राजकमल यादव ने बृहस्पतिवार को विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पात्रों को ऋण उपलब्ध न कराने पर बैंकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 50 लाख से अधिक निर्माणाधीन परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने तथा निर्माण कार्यों का मानक के अनुरूप समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। पात्र को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए। उन्होंने जल जीवन मिशन, कौशल विकास मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल, नई सड़कों का निर्माण, राज्यमार्गों का अनुरक्षण, मनरेगा, विद्युत आपूर्ति व गांवों में ऊर्जीकरण, सौभाग्य योजना, कृषि विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, समाज कल्याण की पेंशन योजना, कन्या सुमंगला योजना की समीक्षा की। बैठक में अपर जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह, कृषि उपनिदेशक प्रशांत कुमार, जिला विकास अधिकारी वीपी सिंह, जिला गन्ना अधिकारी अनिल भारती व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।